- धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
- नागपुर से मुंबई और पुणे तक बढ़ाई गई निगरानी
TMP: महाराष्ट्र में मंगलवार को उस समय सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया जब कई महत्वपूर्ण सरकारी और प्रशासनिक संस्थानों को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल प्राप्त हुआ। धमकी में नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO), मुंबई और पुणे के मेयर कार्यालय समेत कई प्रमुख स्थानों का उल्लेख किया गया है।
धमकी सामने आते ही राज्य पुलिस, एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। संबंधित परिसरों की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई और कई स्थानों पर विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्तों और खोजी टीमों ने परिसर का गहन निरीक्षण किया, हालांकि प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
सूत्रों के अनुसार धमकी भरा ई-मेल एक ऐसे समूह के नाम से भेजा गया है, जिसने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी बताया है। ई-मेल में विभिन्न स्थानों पर आईईडी विस्फोट करने का दावा किया गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुणे महानगरपालिका कार्यालय को भी इसी प्रकार का धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ है। ई-मेल में मुंबई के विधान भवन और नागपुर स्थित RSS मुख्यालय का विशेष उल्लेख किए जाने के कारण सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जांच एजेंसियां यह भी परख रही हैं कि यह महज अफवाह फैलाने की कोशिश है या फिर किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करने वाला संकेत। फिलहाल राज्यभर के संवेदनशील सरकारी प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से संयम बनाए रखने, अफवाहों पर विश्वास न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की है। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
