उत्तराखंड घूमकर लौटे हरियाणा के युवा, CM धामी बोले- सोशल मीडिया पर साझा करें ‘देवभूमि’ का अनुभव

 

 

 

देहरादून: तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर आए हरियाणा के युवाओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। युवाओं ने प्रदेश में देखी गई सुविधाओं, पर्यटन विकास और सरकारी योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

युवाओं ने उत्तराखंड की सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी, होम-स्टे, पर्यटन सुविधाओं, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों में हो रहे विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयास दिखाई देते हैं। रेलवे नेटवर्क के विस्तार को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक अनुभव साझा किए।

होम-स्टे से रोजगार और गांवों को फायदा

हरियाणा से आए युवाओं ने होम-स्टे को स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का माध्यम बताया। उनका कहना था कि सरकारी सहायता के साथ इस क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से ग्रामीण इलाकों में स्वरोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

उन्होंने उत्तराखंड के स्वच्छ वातावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की भी सराहना की। युवाओं ने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का असर राज्य में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भी दिखाई देता है।

‘देवभूमि’ का अनुभव बताया खास

युवाओं ने उत्तराखंड के शांत वातावरण और स्थानीय लोगों के व्यवहार का विशेष रूप से उल्लेख किया। उनका कहना था कि तीन दिन के दौरे में अलग-अलग क्षेत्रों को करीब से देखने और स्थानीय लोगों से बातचीत करने से उन्हें उत्तराखंड की संस्कृति को समझने का अवसर मिला।

सोलर रूफटॉप योजना को भी युवाओं ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के लिहाज से उपयोगी पहल बताया।

युवाओं से बोले CM- अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करें

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों के युवाओं के बीच ऐसे भ्रमण और संवाद से एक-दूसरे की विकास योजनाओं, संस्कृति और नवाचारों को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने युवाओं से कहा कि उत्तराखंड में तीन दिनों के दौरान उन्होंने जो देखा और अनुभव किया, उसे अपने मित्रों और सोशल मीडिया के जरिए दूसरे लोगों तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने युवाओं को ‘उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर’ की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़े कार्यों को देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विकास के साथ विरासत पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास को अपनी सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के साथ आगे बढ़ाने पर काम कर रही है। महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीब वर्गों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय युवा संवाद से न केवल देश की विविधता को समझने में मदद मिलती है, बल्कि अलग-अलग राज्यों की अच्छी कार्यप्रणालियों को साझा करने का अवसर भी मिलता है। हरियाणा के युवाओं से उन्होंने दोनों राज्यों के बीच पर्यटन, संस्कृति, नवाचार और विकास के अनुभवों का आदान-प्रदान आगे बढ़ाने की अपील की।

(Visited 10 times, 1 visits today)