पिथौरागढ़ को मिला आधुनिक क्रिकेट मैदान, सीएम धामी ने बल्ला संभालकर किया उद्घाटन

 

 

 

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ दौरे के दौरान जिले को बड़ी खेल सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम पहुंचकर उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण किया और इसे जनपदवासियों को समर्पित किया।

इस खास मौके पर मुख्यमंत्री का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने खुद क्रिकेट पिच पर उतरकर बल्लेबाजी की और छह गेंदों का ओवर खेलते हुए मैदान का औपचारिक उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री को खिलाड़ियों के साथ मैदान में उत्साह और आत्मीयता के साथ खेलते देख वहां मौजूद युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।

खिलाड़ियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री

क्रिकेट उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों और युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने की सबसे बड़ी ताकत भी हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासित जीवनशैली और बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने युवाओं से राज्य में चल रहे नशा विरोधी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में नई खेल नीति के जरिए उभरते खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता दी जा रही है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

खेल महाकुंभ से उभर रही ग्रामीण प्रतिभाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने का काम कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ समेत प्रदेश के सभी जिलों में खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा ताकि युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके।

क्रिकेट मैदान में लगेंगी फ्लड लाइट्स

मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इस क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी। इससे खिलाड़ियों को रात के समय भी अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

(Visited 839 times, 1 visits today)