देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पड़ोसी देश नेपाल में उत्पन्न राजनीतिक अस्थिरता के मद्देनजर उत्तराखण्ड के तीन सीमांत जनपदों—चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर—के जिला प्रशासन, सशस्त्र सीमा बल (SSB) अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्य रूप से नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक मूल्यांकन किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने, सोशल मीडिया की सतत निगरानी करने और किसी भी असामाजिक या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष तौर पर जोर दिया कि सीमांत क्षेत्रों के ग्रामीण, ग्राम समितियां, वन विभाग एवं सुरक्षा बल मिलकर सामूहिक निगरानी व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएं। साथ ही उन्होंने प्रवेश मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग और सीमा पार से होने वाले आवागमन पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत सरकार के सुरक्षा निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं।
इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, गृह विभाग के प्रमुख सचिव, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, एडीजी इंटेलिजेंस, कुमाऊं मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, तथा संबंधित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और SSB अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “नेपाल की अस्थिर राजनीतिक परिस्थितियों से उत्पन्न सुरक्षा चुनौतियों के बीच हम सीमा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। यह हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय शांति का मसला है, जिसमें हर स्तर पर सतर्कता आवश्यक है।”
यह बैठक राज्य सरकार की दृढ़ संकल्पिता को दर्शाती है कि नेपाल से लगी सीमाओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
