स्यानाचट्टी की कृत्रिम झील से जल निकासी के प्रयास तेज, CM धामी ने दिए सुरक्षा व राहत के सख्त निर्देश

 

 

 

उत्तरकाशी: यमुना वैली के स्यानाचट्टी में मलबा आने से बनी कृत्रिम झील को खोलने के प्रयास लगातार जारी हैं। पिछले एक घंटे में झील के जलस्तर में करीब दो फीट की कमी दर्ज की गई है। मौके पर पीडब्ल्यूडी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिंचाई विभाग और पुलिस सहित कई एजेंसियां जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन को निर्देश दिए हैं कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर झील से सुरक्षित जल निकासी के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्यानाचट्टी के स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सुरक्षित स्थानों पर ठहराए गए लोगों के लिए भोजन, दवाइयां, गैस, पेट्रोल-डीजल व अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखने के आदेश भी दिए।

चैनलाइजेशन की चुनौती

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि वर्तमान में नदी के एक हिस्से से पानी की निकासी हो रही है, लेकिन दलदली हालात के कारण चैनलाइजेशन करना अभी संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि राहत-बचाव दल अन्य विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं। इस बीच, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर और सिंचाई विभाग की टीमें राफ्ट के जरिए ग्राउंड जीरो तक पहुंच गई हैं।

मौके पर प्रशासन की निगरानी

झील की स्थिति पर लगातार ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। यमुनोत्री के विधायक संजय डोभाल और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं मौके पर मौजूद हैं। स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और राजस्व विभाग की टीमें भी ग्राउंड जीरो पर तैनात हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन जल्द ही झील के पानी की सुरक्षित निकासी कर देगा और सभी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।

(Visited 555 times, 1 visits today)