देहरादून के पलटन बाजार में महिला चोर का हंगामा, पकड़ने पहुंची महिला दरोगा पर किया हमला

 

 

 

देहरादून: शहर के सबसे व्यस्त बाजार पलटन में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने दुकानों में चोरी का प्रयास किया और पकड़े जाने पर पुलिस से भी भिड़ गई। स्थानीय दुकानदारों की सतर्कता से महिला को रंगे हाथों पकड़ा गया, लेकिन मामला तब और गरम हो गया जब महिला ने मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला एक दुकान से एक मूर्ति और दो अंगूठियां चुराते हुए पकड़ी गई, जिसके बाद बाजार में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची महिला पुलिस ने जब महिला को हिरासत में लेने की कोशिश की, तो उसने महिला दरोगा के बाल पकड़ लिए और मारपीट शुरू कर दी।

बीमार बेटे का बहाना बनाकर बचने की कोशिश

हंगामे के बीच महिला ने अपने बेटे की बीमारी का हवाला देकर खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश की। हालांकि, दुकानदारों ने पहले से ही उसका वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर लिया था, जिसमें चोरी का प्रयास साफ दिख रहा है।

पुलिस कर रही है जांच

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला पर चोरी और सरकारी कर्मचारी पर हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

(Visited 632 times, 1 visits today)