चीन सीमा के करीब चिन्यालीसौड़ एयरपोर्ट पर वायुसेना का अभ्यास, 17 नवंबर को उतरेंगे पैरा कमांडो

 

 

 

उत्तरकाशी: चीन सीमा के नजदीक स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डा एक बार फिर सैन्य गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। भारतीय वायुसेना ने यहां नॉर्थ इंडिया हिल्स अभ्यास शुरू किया है। 12 नवंबर से शुरू हुआ यह अभ्यास 21 नवंबर तक चलेगा। अभ्यास के तहत 17 नवंबर को पैरा कमांडो जवानों की लैंडिंग प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर वायुसेना और जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे को सामरिक दृष्टि से अहम माना जाता है। चीन सीमा से इसकी नजदीकी और आपातकालीन परिस्थितियों में सैन्य विमानों के संचालन की उपयोगिता इसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाती है। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव अभियान में भी यह हवाई अड्डा अहम भूमिका निभा सकता है। इसी को देखते हुए यहां समय-समय पर सैन्य और वायुसेना के अभ्यास आयोजित किए जाते हैं।

मौसम के कारण भारी विमानों के संचालन में चुनौती

अभ्यास के लिए वायुसेना के आगरा और बरेली एयरबेस से विमानों के संचालन की योजना बनाई गई है। हालांकि क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम के चलते भारी विमानों की लैंडिंग और संचालन को लेकर चुनौतियां सामने आ रही हैं। इसके बावजूद अभ्यास से जुड़ी अन्य तैयारियां जारी हैं।

फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस समेत मांगी गईं जरूरी सुविधाएं

अभ्यास के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वायुसेना ने जिला प्रशासन से सहयोग मांगा है। इसके तहत अग्निशमन विभाग, एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं, संबंधित अधिकारियों की उपलब्धता और वायुसेना के अधिकारियों एवं जवानों के ठहरने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।

शनिवार को बरेली एयरबेस से वायुसेना के अधिकारी एएलएच हेलीकॉप्टर के जरिए चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पहुंचे। यहां उन्होंने अभ्यास से संबंधित व्यवस्थाओं और परिचालन तैयारियों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वायुसेना के अभ्यास की सूचना मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सेना और वायुसेना की ओर से समय-समय पर नियमित अभ्यास किए जाते हैं।

(Visited 20 times, 13 visits today)