अंकिता को न्याय, वोट चोरी और भ्रष्टाचार पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, प्रीतम सिंह की अगुवाई में रायपुर में निकली न्याय यात्रा

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने जनमुद्दों के सहारे सरकार के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को देहरादून की रायपुर विधानसभा में कांग्रेस ने न्याय यात्रा निकालकर धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं उत्तराखंड कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में अंकिता भंडारी हत्याकांड, कथित वोट चोरी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे छाए रहे।

बलबीर रोड से शुरू हुई न्याय यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए काली मंदिर, रायपुर पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदेश सरकार को घेरा और जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगा। पार्टी ने यात्रा के जरिए लोकतंत्र, महिला सुरक्षा और न्याय के सवालों को फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने की कोशिश की।

अंकिता हत्याकांड को लेकर सरकार पर प्रीतम सिंह का निशाना

यात्रा को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की बेटी अंकिता भंडारी को अब तक पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है। इस मामले में जनता के मन में आज भी सवाल हैं और पारदर्शिता के साथ न्याय की मांग उठ रही है। उन्होंने कथित वोट चोरी के मुद्दे को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर बताते हुए कहा कि मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है।

प्रीतम सिंह ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं की अनदेखी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के सवालों से पीछे हटने वाली नहीं है और न्याय एवं अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेगी।

रायपुर से 2027 की चुनावी तैयारी का संदेश

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि न्याय यात्रा को कार्यकर्ताओं और आम लोगों का समर्थन मिला है। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार सवालों से बच रही है।

गोगी ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने न्याय यात्रा को केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकार, सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा अभियान बताया।

यात्रा के समापन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके जनसेवा और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उपस्थित कांग्रेसजनों ने उन्हें नमन किया।

रायपुर में निकली इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में अंकिता भंडारी प्रकरण, वोट चोरी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर उसका राजनीतिक हमला जारी रहेगा।

(Visited 5 times, 1 visits today)