देहरादून: हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेला 2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों, पार्किंग, यातायात, मानव संसाधन और श्रद्धालुओं के लिए डिजिटल सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी जरूरी काम तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन कार्यों को एक साथ आगे बढ़ाया जा सकता है, उन्हें समानांतर रूप से पूरा किया जाए, ताकि मेले से पहले किसी भी जरूरी व्यवस्था में देरी न हो।
नवंबर के अंत तक अस्थायी पुल तैयार करने के निर्देश
कुंभ क्षेत्र में बनाए जा रहे अस्थायी पुलों को लेकर मुख्य सचिव ने लगातार निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इनका निर्माण नवंबर 2026 के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए।
सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की भी नियमित समीक्षा करने को कहा गया है, ताकि कुंभ शुरू होने से पहले सभी जरूरी काम पूरे हो सकें।
जनगणना और चुनाव के बीच कर्मचारियों की कमी न हो
कुंभ की तैयारियों के दौरान जनगणना और चुनाव से जुड़े कार्य भी होने हैं। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से मानव संसाधन की योजना बनाने को कहा गया है।
संबंधित विभागों को कुंभ के लिए जरूरी कर्मचारियों की संख्या का आकलन कर समय से तैनाती की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
साइन बोर्ड पर QR कोड, श्रद्धालुओं को मिलेगी पूरी जानकारी
कुंभ क्षेत्र में साइनेज को लेकर भी नई व्यवस्था पर जोर दिया गया है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रमुख स्थानों पर लगाए जाने वाले साइन बोर्ड में QR कोड की सुविधा दी जाए।
QR कोड स्कैन करने पर श्रद्धालुओं को संबंधित स्थल के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व, साथ ही जरूरी अन्य जानकारी मिल सकेगी।
इसके अलावा कुंभ क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों, सुविधाओं और जरूरी सेवाओं की जानकारी देने के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप तैयार करने का सुझाव भी दिया गया।
पार्किंग के लिए सरकारी जमीन का इस्तेमाल
मेले के दौरान यातायात दबाव को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी और सरकारी एजेंसियों की जमीन पर पार्किंग तथा अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित करने का काम जल्द शुरू करने को कहा गया है।
साथ ही यातायात को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य ट्रैफिक व्यवस्थाओं की तैयारी समय रहते पूरी करने पर जोर दिया गया।
नहरबंदी के दौरान तेजी से होंगे जरूरी काम
मुख्य सचिव ने नहरबंदी की अवधि का अधिकतम इस्तेमाल करने को कहा। इस दौरान किए जाने वाले कार्यों की सभी तैयारियां पहले से पूरी करने और निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
कुंभ के बाद भी स्थायी व्यवस्थाओं का रखरखाव जरूरी
बैठक में कुंभ के लिए तैयार की जा रही स्थायी व्यवस्थाओं के भविष्य को लेकर भी निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि इन परिसंपत्तियों के कुंभ के बाद संचालन और रखरखाव की योजना अभी से तैयार होनी चाहिए।
उन्होंने मेलाधिकारी और विभागाध्यक्षों को नियमित समीक्षा के साथ-साथ स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

