हल्द्वानी : शहरों में चल रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति पर सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है। आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर के विभिन्न इलाकों में प्रस्तावित व निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को काम की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी के चौराहों पर दिखेगी उत्तराखंड की थीम
हल्द्वानी में हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी और कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम वाली रोटरी विकसित करने की योजना है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौराहों को बेहतर स्वरूप देने के साथ उत्तराखंड की संस्कृति और महिला शक्ति से जुड़े विषयों को प्रदर्शित करना है।
डीके पार्क के विकास और सौंदर्यीकरण की भी योजना है। यहां लोगों के लिए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे। वहीं नरीमन क्षेत्र से करीब 200 मीटर सड़क के रोड मीडियन में पौधरोपण और हरितीकरण प्रस्तावित है। इन कार्यों के अनुमान तैयार हो चुके हैं और इसी महीने टेंडर आमंत्रित करने की तैयारी है।
हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित स्थल देखा
निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सचिव को स्थल से संबंधित जानकारी दी। सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
रुद्रपुर में स्टेडियम की कार्ययोजना पर फोकस
ऊधमसिंह नगर के दौरे में रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज की परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। रुद्रपुर में मोदी मैदान के पास प्रस्तावित इंडोर और आउटडोर स्टेडियम के ले-आउट और कार्ययोजना का निरीक्षण किया गया। सचिव ने पहले दिए गए सुझावों और जरूरी संशोधनों को शामिल करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
किच्छा बस अड्डे की गुणवत्ता का निरीक्षण
किच्छा के खुर्पिया फार्म में 3.50 एकड़ भूमि पर ₹12.48 करोड़ की लागत से तैयार आधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। यह परियोजना 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है।
सचिव ने निर्माण की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय परिवहन के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
सितारगंज में पार्किंग के साथ कई सुविधाएं
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ क्षेत्र में ₹9.75 करोड़ की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी जायजा लिया गया।
परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग शामिल है। सचिव ने बाकी फिनिशिंग कार्यों को तय गुणवत्ता मानकों के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
‘काम का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे’
डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि विकास परियोजनाओं का वास्तविक उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहरों में पार्क, हरित क्षेत्र, रोटरी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जाए।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावों के साथ ऊधमसिंह नगर में बस अड्डे, स्टेडियम और पार्किंग जैसी परियोजनाओं की भी नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि काम गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा हो और इसका लाभ सीधे जनता को मिले।
