देहरादून: राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केंद्र (NIC) उत्तराखंड की ओर से ‘जन परिचय–पहचान एक, सेवाएं अनेक’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। होटल सैफ्रन लीफ में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के 100 से अधिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों को राष्ट्रीय सिंगल साइन ऑन (SSO) प्लेटफॉर्म ‘मेरी पहचान’ की कार्यप्रणाली, सुविधाओं और उपयोगिता से परिचित कराना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईटी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे रहे।
एक लॉगिन से कई सेवाओं तक पहुंच
एनआईसी उत्तराखंड के राज्य सूचना-विज्ञान अधिकारी एवं उप महानिदेशक अरविंद कुमार दधीचि ने बताया कि ‘मेरी पहचान’ एक राष्ट्रीय SSO प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए नागरिक एक ही यूजर क्रेडेंशियल से कई सार्वजनिक और निजी डिजिटल सेवाओं तक पहुंच सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्लेटफॉर्म की शुरुआत जुलाई 2022 में हुई थी और अब तक इससे 3,000 से अधिक परियोजनाएं जुड़ चुकी हैं। उनके अनुसार प्लेटफॉर्म पर प्रतिदिन 55 लाख से ज्यादा ट्रांजैक्शन होते हैं और 2 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ता इससे जुड़े हैं।
एनआईसी मुख्यालय के वैज्ञानिक-जी एवं उप महानिदेशक वी.टी.वी. रमण ने अपने संबोधन में सरकारी SSO प्लेटफॉर्म को नागरिक सेवाओं के लिए सुरक्षित डिजिटल व्यवस्था के रूप में इस्तेमाल करने पर जोर दिया।
विभागों से ‘जन परिचय’ अपनाने की अपील
कार्यशाला के मुख्य अतिथि आईटी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने नागरिक सेवाओं की तेज डिलीवरी और डिजिटल गवर्नेंस में ऐसी तकनीकी पहलों की भूमिका पर बात की। उन्होंने राज्य के विभिन्न विभागों से ‘जन परिचय’ प्लेटफॉर्म को जल्द अपनाने का आह्वान किया।
साइबर सुरक्षा से माइग्रेशन तक तकनीकी प्रशिक्षण
उद्घाटन सत्र के बाद कार्यशाला में कई तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें ‘जन परिचय’ की कार्यप्रणाली, वैल्यू एडेड सर्विसेज और डिजिटल प्रमाणीकरण से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ वैभव पाठक ने डिजिटल ऑथेंटिकेशन सिस्टम की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रस्तुति दी। वहीं कुंदन कुमार ने ‘जन परिचय’ के फीचर्स और माइग्रेशन प्रक्रिया का लाइव डेमो दिया।
कार्यशाला में एनआईसी मुख्यालय और उत्तराखंड राज्य इकाई के अधिकारियों के साथ विभिन्न जिलों के जिला सूचना-विज्ञान अधिकारी भी मौजूद रहे। समापन पर एनआईसी उत्तराखंड के उप महानिदेशक संजय गुप्ता ने वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार जताया।
