मायापुर टनल हादसा: CM धामी ने संभाली रेस्क्यू की कमान, 22 में से 16 मजदूर सुरक्षित बाहर

 

 

 

 

देहरादून/चमोली: चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देर रात तत्काल राज्य आपदा परिचालन केंद्र, देहरादून पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाली। उन्होंने अधिकारियों को युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रेस्क्यू किए गए मजदूरों से सीधे संवाद किया और उनका हालचाल जाना। उन्होंने मजदूरों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उनके उपचार एवं पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

22 लोग फंसे, 16 का सुरक्षित रेस्क्यू

ताजा जानकारी के अनुसार सुरंग में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी, जिनमें से 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टनल में फंसे हर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है और बचाव अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

CM ने अधिकारियों से लिया पल-पल का अपडेट

मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा परिचालन केंद्र से चमोली जिला प्रशासन, SDRF, NDRF, ITBP, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी गौरव कुमार से फोन पर बात कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और सभी जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश

मुख्यमंत्री ने डिप्टी CMO से भी बातचीत कर घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।

जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर के जरिए AIIMS या अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मौके पर DM समेत सभी एजेंसियां जुटीं

घटनास्थल पर जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF, ITBP, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान में जुटी हैं। मौके पर आवश्यक मशीनरी, संसाधन और चिकित्सा व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जब तक सभी लोग सुरक्षित बाहर नहीं आ जाते, राहत एवं बचाव अभियान पूरी ताकत और समन्वय के साथ जारी रहेगा। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव विनोद कुमार सुमन सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

(Visited 1 times, 1 visits today)