योगमय होगा उत्तराखंड: CSC केंद्रों पर लगेंगे योग शिविर, पीएम मोदी के कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण

 

 

 

 

देहरादून: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को उत्तराखंड में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से व्यापक स्तर पर योग जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित सैकड़ों CSC केंद्रों पर योग शिविरों का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के राज्य कार्यालय ने सभी जिला प्रबंधकों और ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLEs) को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योग शिविर आयोजित कर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को शामिल करते हुए योगाभ्यास कराया जाएगा।

योग शिविरों के दौरान विशेषज्ञों द्वारा योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके साथ ही लोगों को नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विशेष आकर्षण के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम और संबोधन का सीधा प्रसारण भी CSC केंद्रों पर किया जाएगा। इसके लिए डिजिटल स्क्रीन और अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिक भी राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से सीधे जुड़ सकें।

CSC की ओर से प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम CSC केंद्र पर आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लेकर स्वस्थ और निरोगी जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं। साथ ही योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।

योग दिवस के इस विशेष आयोजन के माध्यम से CSC केंद्र न केवल डिजिटल सेवाओं का माध्यम बनेंगे, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता के केंद्र के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

(Visited 438 times, 35 visits today)