देहरादून: उत्तराखंड के श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी सौगात देते हुए भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिकों के खातों में लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने एक क्लिक के माध्यम से डीबीटी के जरिए यह धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी।
यह सहायता राशि विवाह उपरांत अनुदान, मृत्यु उपरांत सहायता, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता जैसी कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार और उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिये के सीधे पात्र लोगों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और कार्यस्थलों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उनके बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभ केवल वास्तविक और पात्र श्रमिकों तक पहुंचे, इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 93.06 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार भविष्य में भी श्रमिक हितों से जुड़ी योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
