देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक कार्यरत निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड सरकार राज्यभर में विशेष जनसंपर्क, जनजागरूकता और जनकल्याण कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं तथा जनहितकारी उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाया जाए।
मुख्यमंत्री ने 12 से 14 जून तक प्रदेशभर में “अचीवमेंट एग्जीबिशन” आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन प्रदर्शनों में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को विकास यात्रा की विस्तृत जानकारी मिल सके।
उन्होंने प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर आयोजित करने को भी कहा है। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और आम जनता से संवाद किया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष फोकस रहेगा।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 12 जून को सभी जिलों में प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाई जाएगी।
इसके अलावा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विस्तृत और तथ्यपरक प्रस्तुतीकरण भी तैयार किया जाएगा, जिसे विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में संवाद कार्यक्रमों के जरिए जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों से संपर्क स्थापित करेंगे तथा विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का आयोजन बेहतर समन्वय, व्यापक जनभागीदारी और प्रभावी प्रचार-प्रसार के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
