मसूरी रोड पर तेज़ी से बन रहा शिव मंदिर पुल, CM धामी ने किया निरीक्षण—2-3 महीने में स्थायी पुल का लक्ष्य

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि आमजन और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से वैली ब्रिज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, जिसे जल्द ही पूर्ण कर संचालन में लाया जाएगा। साथ ही, स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता पर है और इसे अगले 2 से 3 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

चारधाम यात्रा और आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को सभी जरूरी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

 
(Visited 800 times, 1 visits today)