देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर फिटनेस और युवा ऊर्जा का केंद्र बनने जा रही है। फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का 61वां संस्करण 15 फरवरी 2026 को सुबह 7:30 बजे परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन खास तौर पर कॉलेज और यूनिवर्सिटी-केंद्रित एडिशन के रूप में आयोजित हो रहा है, जिसमें टॉप एथलीट्स, स्टूडेंट्स और फिटनेस प्रेमी एक साथ साइकिलिंग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे।
यह पहल दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया द्वारा शुरू की गई थी, जो अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। देशभर में इस अभियान से 2.5 लाख से अधिक स्थानों पर 25 लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। इसका उद्देश्य फिटनेस के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण और सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस पहल का उल्लेख कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि यह अभियान हेल्थ को रूटीन, एक्टिविटी को डिसिप्लिन और व्यक्तिगत वेल-बीइंग को राष्ट्रीय वेल-बीइंग से जोड़ने का माध्यम बन रहा है। #FightObesity और #PollutionKaSolution जैसे संदेशों के साथ यह मूवमेंट कार्बन फुटप्रिंट कम करते हुए फिट रहने का आसान और आनंददायक तरीका पेश करता है।
स्टार एथलीट्स की मौजूदगी से बढ़ेगा उत्साह
देहरादून एडिशन में कई नामचीन खिलाड़ी और खेल जगत की हस्तियां शिरकत करेंगी। महिला हैवीवेट बॉक्सिंग की दिग्गज खिलाड़ी नूपुर श्योराण इस रैली का नेतृत्व करेंगी। वर्ल्ड बॉक्सिंग कप की कई बार की गोल्ड मेडलिस्ट और वर्ल्ड चैंपियनशिप सिल्वर मेडलिस्ट नूपुर की मौजूदगी युवाओं को अनुशासन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की प्रेरणा देगी।
कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय गोलकीपर और मशहूर कोच योगिता बाली भी इस आयोजन का हिस्सा होंगी। इसके अलावा फेंसर ऋषिका खजूरिया, ट्रिपल जंप गोल्ड मेडलिस्ट निहारिका वशिष्ठ और अर्जुन अवॉर्डी बास्केटबॉल खिलाड़ी विशेष भृगुवंशी भी साइकिलिंग रैली में शामिल होंगे।
युवाओं और कैंपस की मजबूत भागीदारी
इवेंट में फिट इंडिया के इन्फ्लुएंसर्स भी हिस्सा लेंगे, जिनमें पूर्व WWE स्टार शैंकी सिंह शामिल हैं। कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स के साथ मिलकर यह रैली फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं की सक्रिय भागीदारी का जीवंत उदाहरण पेश करेगी।
आयोजकों के अनुसार, देहरादून में होने वाला यह 61वां संस्करण एक सशक्त संदेश देता है—फिटनेस कोई एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की आदत है, और जब समाज एक साथ साइकिल चलाता है तो यह अनुभव और भी खास बन जाता है।
गौरतलब है कि फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत 29 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी, जिसका उद्देश्य देशवासियों की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाकर उन्हें अधिक सक्रिय और स्वस्थ बनाना है।