देहरादून: अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच की घोषणा को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के फैसले का खुलकर समर्थन किया है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि यह कदम न सिर्फ पीड़ित परिवार की भावनाओं के अनुरूप है, बल्कि राज्य की जनता की अपेक्षाओं को भी मजबूती देता है।
रुचि भट्ट ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर फैलाए गए कुछ ऑडियो और वीडियो क्लिप्स ने प्रदेश में अनावश्यक भ्रम और बेचैनी पैदा की थी। ऐसे माहौल में सरकार का यह निर्णय सच्चाई को सामने लाने और लोगों के भरोसे को कायम रखने की दिशा में एक जरूरी पहल है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस संवेदनशील मामले को लेकर विपक्षी दलों द्वारा कुछ महिलाओं के खिलाफ की गई भाषा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रही है, जो उनकी सोच को उजागर करती है। अब जब जांच सीबीआई के हाथ में सौंप दी गई है, तो सभी राजनीतिक दलों और संगठनों को संयम बरतते हुए जांच एजेंसी को अपना काम करने देना चाहिए।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला इस बात को साबित करता है कि सरकार के लिए प्रदेश की बेटी का सम्मान और जनता का विश्वास सर्वोपरि है। उन्होंने भरोसा जताया कि सीबीआई जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और न्याय सुनिश्चित होगा।
