वन्यजीव हमले में मृतकों के परिजनों को 10 लाख मुआवजा जनकल्याणकारी कदम: महेंद्र भट्ट

 

 

 

 

देहरादून: भाजपा ने कैबिनेट बैठक में वन्यजीव हमले में जनहानि की सहायता राशि को 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख किए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए इस निर्णय को जनहित में अत्यंत आवश्यक और संवेदनशील कदम बताया है।

कैबिनेट निर्णयों पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि वर्तमान समय में मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं गंभीर चिंताजनक विषय बनी हुई हैं। राज्य सरकार इन घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार ठोस उपाय कर रही है, इसके बावजूद कई लोगों की जान जाना या घायल होना अत्यंत पीड़ादायक है। ऐसे में मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली सहायता राशि को 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख किया जाना सराहनीय और संवेदनशील निर्णय है। उन्होंने कहा कि जीवन अमूल्य है, उसकी कोई भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार द्वारा दी जाने वाली यह सहायता पीड़ित परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण शुरुआती सहारा अवश्य है। इससे पूर्व घायलों के संपूर्ण इलाज की जिम्मेदारी भी सरकार द्वारा लिए जाने की घोषणा की जा चुकी है, जो मुख्यमंत्री की मानवीय संवेदनशीलता और गंभीरता को दर्शाती है।

महेंद्र भट्ट ने देहरादून में नियो ट्रेन परियोजना को कैबिनेट से मिली मंजूरी का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राजधानी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा और दूरदर्शी कदम सिद्ध होगा। इससे यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी और आम जनता को सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने इसके साथ ही राज्य की दुकानों एवं स्थापनाओं में महिला कर्मकारों को रात्रि 9 बजे से प्रातः 6 बजे तक कार्य करने की सशर्त अनुमति देने, उत्तराखण्ड दुकान एवं स्थापन कानून में सुधार तथा अन्य विभागों के कई महत्वपूर्ण फैसलों को भी प्रदेश के विकास और जनहित के लिए आवश्यक बताया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि धामी सरकार लगातार जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए संवेदनशील, दूरदर्शी और जनकल्याणकारी निर्णय ले रही है, जिससे राज्य का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है।

(Visited 646 times, 1 visits today)