देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में “वंदेमातरम@150” अभियान की शुरुआत की है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के नेतृत्व में वंदे मातरम् गीत का मौलिक स्वरूप में सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति के नारों और राष्ट्रध्वज फहराने के साथ हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं में मिठाई वितरित की गई और पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति का उल्लास दिखाई दिया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस अवसर पर कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं बल्कि राष्ट्र आराधना और देशभक्ति की भावना के प्रवाह का गान है। स्वतंत्रता संग्राम में इस गीत ने असंख्य देशभक्तों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश तुष्टिकरण की राजनीति के चलते इसे वह सम्मान नहीं दिया गया, जिसका यह वास्तविक हकदार था।
उन्होंने कहा, “पहले यह गीत कांग्रेस के अधिवेशनों में पूर्ण रूप से गाया जाता था, लेकिन वर्ग विशेष को खुश करने के लिए इसे काट-छांट कर प्रस्तुत किया जाने लगा। आजादी के 50 और 100 वर्ष के अवसरों पर भी इस गीत की उपेक्षा की गई। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राष्ट्रगीत का 150वां वर्ष अभूतपूर्व तरीके से मनाया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि यह गीत राष्ट्रीय एकता और समृद्धि की सबसे मजबूत कड़ी बने।”
महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा बने इस गीत को नई पीढ़ी तक मूल मंत्र की तरह पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह अभियान राष्ट्रभक्ति को पुनर्जीवित करने का कार्य करेगा।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि वंदे मातरम् भारत राष्ट्र की आत्मा में रचा-बसा गीत है। कुछ राजनीतिक दलों ने इसे वर्ग विशेष की नाराजगी के डर से संक्षिप्त करने का पाप किया, जबकि राष्ट्रवादी जनता के हृदय में इसका सदैव सर्वोच्च स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर इस गीत का मौलिक स्वरूप में सामूहिक गायन सभी शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में किया जा रहा है, वहीं भाजपा संगठन इस अभियान के माध्यम से इसे जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
अभियान की प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि पार्टी संगठन 26 नवम्बर, संविधान दिवस तक इस अभियान को प्रदेश के प्रत्येक जिले और मंडल स्तर तक ले जाएगी। इस अवधि में सभी सांगठनिक कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का पूर्ण स्वरूप में गायन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इसके साथ ही गोष्ठियों, विशेष चर्चा कार्यक्रमों और संवाद बैठकों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रभक्ति अभियान से जोड़ा जाएगा।
