देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चल रही विकास योजनाओं के लिए 81.52 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने मिसिंग लिंक फंडिंग कार्यक्रम के तहत चमोली जनपद में गोपीनाथ मंदिर मार्ग के स्थानीय शैली में निर्माण के लिए ₹9.79 करोड़ स्वीकृत किए। इसके साथ ही नगर पंचायत गूलरभोज क्षेत्र में मछली बाजार में दुकानों के निर्माण हेतु ₹54.37 लाख, और नगर निगम कोटद्वार में लीगेसी वेस्ट निस्तारण के लिए ₹33.26 लाख की मंजूरी दी गई।
राज्य योजनान्तर्गत चमोली जिले के बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में धौली नदी पर 120 मीटर लंबे पैदल झूला पुल के निर्माण के लिए ₹9.98 करोड़, टिहरी जिले के धनोल्टी क्षेत्र में थत्यूड-मराड मोटर मार्ग हेतु ₹3.34 करोड़, तथा अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में तल्ली चम्याड़ी-रणतखाल मार्ग के शेष निर्माण कार्य के लिए ₹5.64 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा, देहरादून पुलिस लाइन रेसकोर्स में 120 आवासों के निर्माण के लिए ₹50.79 करोड़, नौकुचियाताल (भीमताल) हैलीपैड में ऑफिस, यात्री विश्राम स्थल एवं पेंटिंग कार्य हेतु ₹24.68 लाख, और राजकीय मुद्रणालय रुड़की के लिए नई आधुनिक मुद्रण मशीनों की खरीद पर ₹85.69 लाख की मंजूरी दी गई है।
इन परियोजनाओं से प्रदेश में संपर्क, आवास, पर्यटन और नगरीय ढांचा विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
