दिनदहाड़े गांव में घुसा गुलदार का जोड़ा, महिलाओं ने चीखते-भागते बचाई जान , ग्रामीणों ने मांगी सुरक्षा

 

 

 

 

बागेश्वर: गरुड़ क्षेत्र के ह्वील-कुलवान गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े गुलदार का एक जोड़ा खेतों की ओर आ धमका। खेतों में घास काट रही महिलाएं अचानक गुलदारों को देख चीख पड़ीं और अपनी जान बचाने के लिए दौड़ पड़ीं। इस दौरान पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलदारों के आने के बाद ग्रामीणों ने घर के अंदर छिपकर बर्तन बजाकर उन्हें भगाने की कोशिश की। करीब दस मिनट की हलचल के बाद गुलदारों का जोड़ा जंगल की ओर भाग गया।

गांव के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गुलदारों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। गुलदारों का यह जोड़ा गांव के नजदीकी जंगल में डेरा जमाए हुए है, जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। महिलाओं और बच्चों का खेत या आंगन तक जाना मुश्किल हो गया है।

महेश चंद्र ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वहीं मथुरा दत्त, नवीन चंद्र, मनोज कुमार, गिरीश चंद्र सहित कई ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में तुरंत पिंजरा लगाया जाए ताकि गुलदारों को पकड़ा जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने वन विभाग से रात-दिन गश्त बढ़ाने और निगरानी टीम तैनात करने की मांग की है, ताकि गांव में फिर से शांति और सुरक्षा का माहौल लौट सके।

(Visited 407 times, 1 visits today)