रुद्रपुर: विश्व मानक दिवस-2025 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) देहरादून शाखा की ओर से मंगलवार को होटल रेडिसन ब्लू में “मानक महोत्सव” का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में उद्योग, व्यापार, शिक्षा और सरकारी विभागों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि अजय भट्ट, सांसद (नैनीताल-उधम सिंह नगर) व भारत सरकार के मंत्री रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआईसी महाप्रबंधक विपिन कुमार, सिडकुल अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा, सितारगंज एसोसिएशन अध्यक्ष के.सी. सत्यावली, उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड प्लाई एसोसिएशन अध्यक्ष संदीप गुप्ता और प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नवीन वर्मा शामिल हुए।
“मानक ही हैं विकास का आधार” — अजय भट्ट
अजय भट्ट ने कहा कि मानक उत्पाद की गुणवत्ता और उपभोक्ता के विश्वास की नींव हैं। उन्होंने उद्योग जगत से आह्वान किया कि वे “लोकल के लिए वोकल” बनें और भारतीय उत्पादों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य तैयार करें।
उन्होंने चांदी की हॉलमार्किंग में एचयूआईडी प्रणाली लागू करने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम पारदर्शिता और उपभोक्ता विश्वास को मजबूत करेगा।
थीम — “सतत विकास लक्ष्य (SDG-17): लक्ष्य प्राप्ति में सामूहिक साझेदारी”
बीआईएस देहरादून शाखा के निदेशक सौरभ तिवारी ने बताया कि संगठन उद्योग, उपभोक्ता और सरकार के बीच साझेदारी को मज़बूत कर सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में योगदान दे रहा है।
उद्योग जगत की भागीदारी
कार्यक्रम में वी-गार्ड इंडस्ट्रीज़, करम सेफ्टी प्रा. लि., और ग्रीनपैनल लि. के प्रतिनिधियों ने अपनी एसडीजी-17 आधारित पहलें साझा कीं।
150 से अधिक औद्योगिक इकाइयों ने भाग लेकर गुणवत्ता नियंत्रण, मानकीकरण, प्रमाणन और हॉलमार्किंग योजनाओं पर विचार-विमर्श किया।
छात्रों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
बीआईएस स्टैंडर्ड क्लब के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, नुक्कड़ नाटक और समूह नृत्य के माध्यम से “मानकों के महत्व और गुणवत्ता की प्रतिबद्धता” का संदेश दिया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा।
