रुद्रप्रयाग: केदारनाथ हाईवे पर रविवार शाम काकड़ागाड़ के पास बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण एक कार अनियंत्रित होकर सीधे मंदाकिनी नदी में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से अगस्त्यमुनि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसा कैसे हुआ
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब 5:48 बजे हुआ। कार संख्या UP 32 JB 0101 गौरीकुंड से रुद्रप्रयाग की ओर आ रही थी। काकड़ागाड़ के पास अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर कार पर आ गिरे। पत्थर लगने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से फिसलती हुई मंदाकिनी नदी में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कार पर पत्थर गिरा और फिर पत्थरों के साथ कार नदी में समा गई।
मृतक व घायलों की पहचान
मृतक चालक:
-
मुकेश कुमार (40 वर्ष), पुत्र विजय बहादुर मौर्य, निवासी जैयदपुर, शांति नगर, बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)
घायल यात्री:
-
अंजलि मौर्य (32 वर्ष) पत्नी मुकेश कुमार, जैयदपुर, शांति नगर, बाराबंकी
-
अमोली मौर्य (5 वर्ष) पुत्री मुकेश कुमार, जैयदपुर, शांति नगर, बाराबंकी
-
अरुण मौर्य (40 वर्ष) पुत्र कुंज बिहारी मौर्य, केशरबाग, लोटेश रोड, लखनऊ
-
रचना मौर्य पत्नी अरुण मौर्य, केशरबाग, लोटेश रोड, लखनऊ
-
पिहू मौर्य (2.5 वर्ष) पुत्री अरुण मौर्य, केशरबाग, लोटेश रोड, लखनऊ
प्रशासन ने संभाली मोर्चा
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नदी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल हैं।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
गौरतलब है कि उत्तराखंड में बीते दिनों लगातार सड़क हादसे बढ़े हैं। हाल ही में पिथौरागढ़ के थल क्षेत्र में कार खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि मसूरी में भी कार दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए थे।
