नकल माफिया हाकम सिंह और सहयोगी गिरफ्तार, लाखों की ठगी का था खेल

 

 

 

देहरादून: देहरादून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखंड ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात नकल माफिया हाकम सिंह और उसके सहयोगी पंकज गौड़ को गिरफ्तार किया है। दोनों अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर 12 से 15 लाख रुपये तक वसूलने की कोशिश कर रहे थे।

21 सितंबर को आयोजित उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा से पहले पुलिस ने संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई थी। जांच में सामने आया कि पंकज गौड़ अभ्यर्थियों से संपर्क कर मोटी रकम की मांग कर रहा है।

पटेलनगर क्षेत्र से पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में कबूल किया कि अभ्यर्थियों के स्वतः पास हो जाने पर वे पैसे हड़प लेते थे और असफल अभ्यर्थियों को अगली परीक्षा में “एडजस्ट” कराने का झांसा देते थे।

पुलिस ने साफ किया है कि इस पूरे मामले में परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता पर कोई असर नहीं पड़ा है। दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम) अध्यादेश 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

(Visited 560 times, 1 visits today)