उत्तरकाशी: धराली-हर्षिल क्षेत्र में आई आपदा के बाद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। जिला प्रशासन ने रेस्क्यू कर लाए गए स्थानीय लोगों के लिए घर–घर जाकर दैनिक जरूरत का सामान पहुंचाने की व्यवस्था की है, ताकि किसी को भी आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो।
आपदा से विस्थापित परिवार, जो जिला मुख्यालय के अलावा मातली, बड़ेथी, ज्ञानसु, नेताला, गणेशपुर और भेला टिपरी जैसे गांवों में रह रहे हैं, को अब तक 171 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं।
प्रत्येक किट में 10 किलो चावल, 5 किलो आटा, 2 किलो दाल, 2 किलो नमक, एक तिरपाल, दो थाली, रसोई का तेल, बर्तन और खाना बनाने की सभी सामग्री सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।
राहत सामग्री का वितरण धराली जन कल्याण आपदा सेवा समिति के अध्यक्ष संजय पंवार, समिति के अन्य प्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन की टीम — जिसमें एक पटवारी और दो अमीन शामिल हैं — के माध्यम से किया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राहत कार्य तब तक जारी रहेंगे जब तक सभी प्रभावित परिवार सुरक्षित और सक्षम स्थिति में नहीं पहुंच जाते।
