उत्तराखंड में 1,000 नए पोलिंग बूथ, 85 लाख मतदाताओं को जोड़ने की नई पहल – चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने की समीक्षा

 

 

देहरादून: भारत निर्वाचन आयोग के माननीय चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने मंगलवार को देहरादून में निर्वाचन तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों एवं 2 किमी से अधिक दूरी पर स्थित बूथों का भौतिक सत्यापन कर नए बूथों का समय पर पुनर्निर्धारण सुनिश्चित किया जाए।

बीएलओ तैनाती व बूथ पुनर्गठन पर जोर

चुनाव आयुक्त ने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) की तैनाती की प्रक्रिया शीघ्रता से पूरी की जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने जानकारी दी कि यह प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है और प्रशिक्षण कार्यक्रम अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित हैं।

85 लाख से अधिक मतदाता, 1,000 नए पोलिंग बूथ

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में कुल लगभग 85 लाख मतदाता हैं, जिनमें 44 लाख पुरुष, 41 लाख महिलाएं और 304 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 1.64 लाख युवा मतदाता, 84 हजार दिव्यांगजन और 93 हजार सर्विस मतदाता भी वोटिंग व्यवस्था का हिस्सा हैं।

मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुलभ बनाने के लिए प्रदेश में लगभग 1,000 नए पोलिंग बूथ स्थापित किए जा रहे हैं।

स्वीप कार्यक्रम को लोकपर्व ‘हरेला’ से जोड़ा गया

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) को सशक्त बनाने के लिए उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकपर्व ‘हरेला’ को उससे जोड़ा गया है। इस पहल के तहत प्रदेशभर में मतदान केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही वर्ष भर की थीम आधारित स्वीप गतिविधियों के लिए विशेष कैलेंडर भी तैयार किया गया है।

उत्तराखंड में मतदाता सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ जागरूकता अभियानों को जन-संस्कृति से जोड़ने की यह पहल लोकतंत्र को नई ऊर्जा देने वाला प्रयास है। चुनाव आयोग की सक्रियता और राज्य निर्वाचन तंत्र की तत्परता आगामी चुनावों को ज्यादा पारदर्शी और समावेशी बनाएगी।

(Visited 845 times, 1 visits today)