नैनीताल: शहर के समीपवर्ती भूमियाधार क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगाई गई अवैध दुकानों पर प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया। सोमवार को एसडीएम नवाजिश खलिक के नेतृत्व में पुलिस और लोनिवि की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों के विरोध और तनातनी के बावजूद बुलडोजर चलाकर दुकानों को ध्वस्त किया गया तथा कई ठेले और सामान जब्त कर लिए गए।
कोविड काल में बने व्यू पॉइंट को बनाया गया व्यवसायिक केंद्र
कोविड महामारी के दौरान स्थानीय विकासखंड द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए व्यू पॉइंट निर्माण कर दुकानें आवंटित की गई थीं, लेकिन समय के साथ अन्य लोगों ने भी नियमों की अनदेखी कर सड़क किनारे दर्जनों फड़ और दुकानें खड़ी कर लीं।
शुक्रवार को हुआ था विरोध, सोमवार को फिर दोहराई गई सख्ती
पिछले शुक्रवार को भी अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम को स्थानीय दुकानदारों के तेज विरोध का सामना करना पड़ा था, लेकिन एसडीएम के निर्देश पर दुकानों को हटाया गया था। इसके बावजूद दो दिन बाद फिर से अतिक्रमण कर दुकानें लगाई गईं, जिससे प्रशासन को दोबारा कार्रवाई के लिए उतरना पड़ा।
SDM ने दिए स्पष्ट संकेत: दोबारा अतिक्रमण पर होगी कानूनी कार्रवाई
एसडीएम नवाजिश खलिक ने चेतावनी दी है कि यदि आगे फिर से सड़क किनारे अतिक्रमण किया गया तो सामान जब्त करने के साथ ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित और सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से अतिक्रमण बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भूमियाधार क्षेत्र में बार-बार किए जा रहे अतिक्रमण पर प्रशासन ने इस बार निर्णायक कार्रवाई कर साफ संदेश दे दिया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा अब नहीं चलेगा। हालांकि, स्थायी समाधान और पुनर्वास की नीति के बिना ऐसी स्थितियों के बार-बार उभरने की आशंका बनी रहेगी।
