देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के रायपुर क्षेत्र में अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किरसाली चौक, आई.टी पार्क, ननूरखेड़ा, आमवाला, तपोवन और शांति विहार में स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर समस्याओं को जाना और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए, साथ ही नालियों की सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस बलों और सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आकस्मिक स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम रखा जाए ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, विधायक उमेश शर्मा काऊ और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा यह दर्शाता है कि राज्य सरकार आपदा की घड़ी में आमजन के साथ खड़ी है और हरसंभव मदद के लिए तत्पर है।
