DIA रिपोर्ट का बड़ा खुलासा: ऑपरेशन सिंदूर के बाद घबराए पाकिस्तान-चीन, भारत को घेरने की रच रहे नापाक साजिश

 

 

 

नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर की रणनीतिक सफलता ने भारत की सैन्य ताकत और वैश्विक नेतृत्व क्षमता का नया संदेश दुनिया को दिया है। अमेरिका की डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (DIA) की ताज़ा रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि भारत की आक्रामक सैन्य नीति और सटीक जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान और चीन बुरी तरह बौखलाए हुए हैं और अब नई साजिशों को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने भारत को अपने अस्तित्व के लिए सीधा खतरा मानते हुए तेज़ी से परमाणु हथियारों का भंडार बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसमें चीन उसका सामरिक सहयोगी बनकर मदद कर रहा है। वहीं, चीन भारत को अपने मुख्य रणनीतिक प्रतिद्वंदी के रूप में देख रहा है और भारत की थल व जल सीमाओं पर दबाव बढ़ाने के लिए म्यांमार, पाकिस्तान और श्रीलंका में सैन्य ठिकानों की स्थापना की योजना बना रहा है।

यह चीन की बहुचर्चित ‘स्ट्रिंग ऑफ पर्ल्स’ नीति का हिस्सा है, जिसके जरिए वह हिंद महासागर में भारत के प्रभुत्व को चुनौती देना चाहता है। इस रणनीति के तहत चीन भारत को भू-राजनीतिक रूप से चारों ओर से घेरने का प्रयास कर रहा है।

भारत ने भी मोर्चा संभाल लिया है। रिपोर्ट बताती है कि भारत अब हिंद महासागर क्षेत्र में द्विपक्षीय रक्षा साझेदारियों, सैन्य अभ्यासों, हथियार सहयोग और इंटेलिजेंस शेयरिंग को प्राथमिकता दे रहा है, जिससे न केवल चीन की घेराबंदी हो सके, बल्कि क्षेत्र में भारत का रणनीतिक प्रभाव और नेतृत्व और मजबूत हो।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि अक्टूबर 2024 में भारत और चीन ने पूर्वी लद्दाख की वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के दो संवेदनशील बिंदुओं से सेनाएं हटाने पर सहमति जताई थी। हालांकि, यह तनाव में अस्थायी राहत ही साबित हुई है क्योंकि मूल विवाद अभी भी बरकरार है।

पाकिस्तान की तेज़ी से बढ़ती परमाणु आक्रामकता और चीन की सीमाई घेराबंदी योजना इस बात का संकेत है कि दक्षिण एशिया में भू-राजनीतिक संघर्ष की नई इबारत लिखी जा रही है। लेकिन भारत अब पुराना नहीं रहा—उसकी नीति, रणनीति और शक्ति तीनों ने उसे एक निर्णायक और वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित कर दिया है।

(Visited 1,705 times, 1 visits today)