एएनआई: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है। अब भारत सरकार ने एक के बाद एक सख्त और रणनीतिक फैसलों से पाकिस्तान को घेरना शुरू कर दिया है। 7 मई को पूरे देश में बड़े पैमाने पर सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल होगी, जो 1971 के युद्ध के बाद पहली बार इस स्तर पर आयोजित की जा रही है।
भारत तैयार… पाक सीमा के पास हवाई युद्धाभ्यास, NOTAM जारी
भारत ने पाकिस्तान सीमा से सटे दक्षिणी क्षेत्र में हवाई युद्धाभ्यास की भी तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए भारतीय वायुसेना की ओर से NOTAM (Notice to Airmen) जारी कर दिया गया है। इस नोटिस के जरिए हवाई क्षेत्र में विशेष सतर्कता और बदलावों की जानकारी दी गई है।
राफेल, मिराज और सुखोई लेंगे उड़ान
समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, भारतीय वायुसेना कल से राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में अभ्यास करेगी। इसमें राफेल, मिराज-2000 और सुखोई-30 जैसे अग्रणी फाइटर जेट्स भाग लेंगे। इस अभ्यास का स्पष्ट संकेत है — भारत हर तरह की संभावित चुनौती के लिए तैयार है।
क्या होता है NOTAM?
NOTAM (Notice to Airmen) एक ऐसा आधिकारिक नोटिस होता है, जो हवाई यात्रियों और एयरक्रू को संभावित खतरों या अस्थायी बदलावों की जानकारी देता है। इससे रनवे बंद होने, एयरस्पेस में प्रतिबंध, लाइटिंग सिस्टम में बदलाव जैसी जानकारियों को तुरंत बताया जाता है।
देशभर में मॉक ड्रिल: 300 जिलों में अलर्ट मोड
भारत सरकार ने करीब 300 जिलों में मॉक ड्रिल कराने का आदेश दिया है। नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों — जैसे हवाई हमला, आतंकी हमला या प्राकृतिक आपदा — में सुरक्षित रहने का अभ्यास कराया जाएगा। ब्लैकआउट, अलर्ट सायरन, बंकर शेल्टर और रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी हर जिले में की जा रही है।
भारत अब कूटनीति के साथ-साथ मिलिट्री मोर्चे पर भी पाकिस्तान को कड़ा संदेश दे रहा है। पहलगाम जैसे हमलों का अब सिर्फ निंदा से जवाब नहीं, बल्कि रणनीतिक और वास्तविक तैयारी से दिया जा रहा है। 7 मई को भारत दिखा देगा — हम सिर्फ सहते नहीं, समय आने पर पूरा हिसाब चुकता भी करते हैं।