काशीपुर/देहरादून: उत्तराखंड में अब फैसले कागज़ों में नहीं, घंटों में जमीन पर उतरते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जैतपुर-धनौरी मार्ग के सुदृढ़ीकरण की घोषणा क्या की—महज दो घंटे में शासनादेश भी जारी हो गया।
राज्य सरकार की त्वरित कार्यप्रणाली का यह अनूठा उदाहरण बुधवार को सामने आया, जब मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के महज कुछ ही समय बाद, ₹1013.95 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
राजनीति में ‘रफ्तार’ का नया नाम: धामी सरकार
मुख्यमंत्री ने बाजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जैतपुर-धनौरी मार्ग (किमी 1 से 9) के डी.बी.एम. एवं बी.सी. कार्यों से सुदृढ़ीकरण की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने मंच से स्पष्ट रूप से कहा, “मुझे दो घंटे के भीतर इसका शासनादेश चाहिए।”
राज्य के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की मंशा को प्राथमिकता देते हुए न केवल तुरंत फाइलें गति से बढ़ाईं बल्कि तय समय के भीतर आदेश जारी कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया।
विकास के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश
यह निर्णय न केवल स्थानीय जनता के लिए राहत का संकेत है, बल्कि सरकार की विकासशील सोच और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का स्पष्ट प्रमाण भी है। इस मार्ग के सुधारीकरण से क्षेत्रीय यातायात को नई गति और संरचना मिलेगी, साथ ही लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं प्राप्त होंगी।