केदारघाटी में फंसे 15,000 से अधिक यात्रियों का सफल रेस्क्यू अभियान संपन्न: सीएम धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केदारघाटी में अतिवृष्टि के चलते फंसे यात्रियों का रेस्क्यू अभियान मंगलवार को पूरा हो गया है। 31 जुलाई को केदारनाथ पैदल मार्ग में विभिन्न स्थानों पर फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। उन्होंने प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने और रेस्क्यू में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।

मुख्यमंत्री ने दो बार आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए संसाधन उपलब्ध कराए। उनके निर्देश पर तेजी से अभियान चला और एक सप्ताह से भी कम समय में 15,000 से अधिक यात्रियों और स्थानीय लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

पुनर्निर्माण कार्य युद्धस्तर पर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारघाटी में जल्द से जल्द हालात सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर पुनर्निर्माण कार्य चल रहा है। लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग द्वारा अतिरिक्त मजदूरों की तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों की वह स्वयं निगरानी करेंगे।

भारत सरकार से मिला सहयोग

सीएम धामी ने भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया, जिन्होंने वायु सेना के हेलीकॉप्टर और अन्य सहायता उपलब्ध करवाई। राज्य सरकार के 5 हेलीकॉप्टरों ने भी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की।

स्थानीय लोगों का सहयोग

मुख्यमंत्री ने रामपुर और सोनप्रयाग में स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान रेस्क्यू अभियान में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रभावितों की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन भी दिया।

प्रशंसा के पात्र अधिकारी

रेस्क्यू अभियान में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सौरभ गहरवार और टिहरी के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की भूमिका की सराहना की गई। जिलाधिकारी गहरवार ने विषम परिस्थितियों में भी राहत कार्यों को बेहतरीन ढंग से संचालित किया, जबकि जिलाधिकारी दीक्षित ने एक सप्ताह से कम समय में बैली ब्रिज का निर्माण पूरा किया।

हेली सेवाएं और यात्रा की पुनः शुरुआत

मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि 7 अगस्त से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू हो जाएंगी और यात्रियों को किराए में 25 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। सात दिन के भीतर पैदल मार्ग से भी केदारनाथ यात्रा सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा से कई परिवारों की आर्थिकी जुड़ी है और सरकार का ध्येय है कि यात्रा को जल्द से जल्द और सुरक्षित रूप से प्रारंभ किया जाए।

(Visited 2,786 times, 1 visits today)