TMP: जनपद चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र स्थित छमनिया में लगभग ₹256 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन राज्य के प्रथम महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का विकास
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन फुटबॉल ग्राउंड, एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट और सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सहित विभिन्न खेल मैदानों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यहां विकसित की जा रही सभी खेल सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगी, जिससे प्रदेश की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
300 बालिकाओं के लिए आवासीय सुविधा
निरीक्षण के दौरान 300 बालिकाओं की क्षमता वाले छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक, मल्टीपर्पज हॉल, ऑडिटोरियम और गेस्ट हाउस के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान प्रशिक्षण, शिक्षा और आवास की समग्र व्यवस्था उपलब्ध कराएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों की बेटियों को मिलेगा सशक्त मंच
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि लोहाघाट में स्थापित हो रहा यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विशेष रूप से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। यह संस्थान प्रदेश की बेटियों को आधुनिक संसाधनों और विशेषज्ञ प्रशिक्षण के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई उड़ान देगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
