शारदा कॉरिडोर और रिवर फ्रंट परियोजनाओं से जुड़ेगा क्षेत्र, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार और कारोबार का नया अवसर

 

 

 

खटीमा (ऊधम सिंह नगर): उत्तराखंड में पर्यटन को नई दिशा देने की पहल के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित उभरते हुए पर्यटन स्थल लोहियाहेड वाटर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया और अधिकारियों से पर्यटन विकास की संभावनाओं एवं प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहेड वाटर बाईपास में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ इसे एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, ताकि प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंच सके।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि शारदा कॉरिडोर एवं शारदा रिवर फ्रंट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के माध्यम से इस क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।

उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। होटल, होम-स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, परिवहन और अन्य व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे लोगों की आय में वृद्धि होगी। सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का विकास कर स्थानीय नागरिकों को उसका प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोहियाहेड वाटर बाईपास के समग्र विकास के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखते हुए पर्यटन का सतत विकास सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

(Visited 4 times, 1 visits today)