देहरादून: उत्तराखंड में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार द्वारा ₹500 करोड़ की धनराशि जारी किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का वैश्विक प्रतीक है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह सहायता राशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि इस धनराशि से कुंभ क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी मिलेगी, जिससे देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्मरण कराया कि उन्होंने पूर्व में प्रधानमंत्री से कुंभ आयोजन के लिए विशेष सहयोग का अनुरोध किया था, जिस पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रही है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार जैसे अनेक विकास कार्यों में केंद्र का समर्थन राज्य के लिए मजबूती का आधार बना है। कुंभ मेला 2027 के लिए मिली यह सहायता राज्य सरकार के संकल्प को और सुदृढ़ करेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 एक ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्यों के माध्यम से श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि कुंभ मेला 2027 विश्व स्तर पर उत्तराखंड की पहचान को और मजबूत कर सके।