फॉरेंसिक लैब भेजे गए नमूने, रिपोर्ट के बाद होगी पहचान की पुष्टि
देहरादून: किमाड़ी के जंगल में मिले कंकाल की पहचान को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। कंकाल किसका है, इसका पता लगाने के लिए DNA जांच कराई जा रही है। फॉरेंसिक लैब में नमूने भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कंकाल तीन महीने से लापता मोहम्मद सारिक का है या नहीं। पुलिस मौत की परिस्थितियों और परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।
22 वर्षीय मोहम्मद सारिक 17 जुलाई की रात अचानक लापता हो गया था। वह ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में रेडियोथेरेपी टेक्नोलॉजी से स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। उसके लापता होने के अगले दिन, 18 जुलाई को परिजनों ने पटेलनगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
काफी तलाश के बावजूद सारिक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को अपहरण की प्राथमिकी में बदल दिया था। अब जंगल में मिले कंकाल की पहचान और मौत से जुड़े सवालों के जवाब DNA रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेंगे।

