खटीमा में होली मिलन समारोह में शामिल हुए CM धामी, पारंपरिक कुमाऊँनी और थारू होली में लिया भाग

 

 

खटीमा: धामी ने डिवाइन इंटरनेशनल स्कूल, दियूरी खटीमा में आयोजित होली मिलन समारोह में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली और थारू होली गायन में जनसमूह के साथ भागीदारी कर रंगोत्सव की खुशियां साझा कीं। उपस्थित जनसमुदाय ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।

“खटीमा मेरा घर, यहां के लोग मेरा परिवार”

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराएं और पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान के मूल आधार हैं।

उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि खटीमा उनका घर है और यहां के लोग उनका परिवार हैं। बुजुर्गों का आशीर्वाद उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।

होली सामाजिक समरसता का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव, समरसता और भाईचारे का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

‘मिनी इंडिया’ है खटीमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा सर्वधर्म समभाव की जीवंत मिसाल है और इसे ‘मिनी इंडिया’ के रूप में जाना जाता है। यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग प्रेम और सौहार्द के साथ मिलजुल कर सभी पर्व मनाते हैं। आधुनिक परिवेश के बीच भी पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना सराहनीय है।

विकसित भारत के संकल्प में सहभागिता का आह्वान

उन्होंने आह्वान किया कि सभी मिलकर खटीमा, प्रदेश और देश की उन्नति के लिए कार्य करें तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेम और भाईचारे के साथ होली मनाते हुए खटीमा को आदर्श क्षेत्र बनाने का संकल्प लें।

आयोजन समिति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक महोत्सव समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेलकर आत्मीयता से उत्सव की खुशियां साझा कीं और सभी को सुख, शांति एवं समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

(Visited 728 times, 1 visits today)