भाजपा का मिशन-2027: हैट्रिक के साथ दो-तिहाई बहुमत का लक्ष्य

 

 

 

 

हल्द्वानी: भाजपा ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपनी रणनीति का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। प्रदेश पदाधिकारी एवं विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लगातार तीसरी जीत के साथ दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का लक्ष्य सामने रखा।

नवीन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में पार्टी की सबसे बड़ी ताकत सरकार के विकास कार्य, जनकल्याणकारी योजनाएं और सकारात्मक राजनीति होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क बढ़ाने और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कांग्रेस पर समाज को विभाजित करने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी राजनीति का जवाब देंगे। साथ ही उन्होंने सनातन संस्कृति और देवभूमि की पहचान से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों का राजनीतिक स्तर पर प्रतिकार करने की बात कही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि जनता के बीच भाजपा के पक्ष में माहौल को चुनावी समर्थन में बदलने की जिम्मेदारी अब संगठन और कार्यकर्ताओं की है।

मंडल नहीं, शक्ति केंद्र बनेगा चुनावी रणनीति का आधार

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार भाजपा मंडल के बजाय शक्ति केंद्र आधारित चुनावी रणनीति पर अधिक जोर देगी। मोर्चों को भी मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

पार्टी ने ऐसे पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी चुनावी अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया है, जो पहले तीन बार संगठन में दायित्व संभाल चुके हैं लेकिन वर्तमान में किसी पद पर नहीं हैं।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि भाजपा का लक्ष्य सिर्फ सत्ता में वापसी नहीं, बल्कि हैट्रिक के साथ दो-तिहाई बहुमत हासिल करना है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर शक्ति केंद्र तक संगठन को सक्रिय करने और सरकार की उपलब्धियों को सीधे मतदाताओं तक पहुंचाने पर फोकस रहेगा।

 
(Visited 6 times, 6 visits today)