नई दिल्ली। दुनिया के दो सबसे उन्नत लड़ाकू विमान – अमेरिकी F-35 और रूसी Su-57 पहली बार एक साथ भारतीय आसमान में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। एयरो इंडिया 2025 में ये घातक फाइटर जेट्स अपने बेमिसाल युद्ध कौशल और अत्याधुनिक तकनीक का प्रदर्शन करेंगे।
अमेरिकी और रूसी ताकत एक मंच पर
भले ही वॉशिंगटन और मॉस्को के बीच तनातनी हो, लेकिन इनके लड़ाकू विमान बेंगलुरु के येलहंका एयर फोर्स स्टेशन के ऊपर शांतिपूर्ण उड़ान भरते नजर आएंगे। अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन का F-35 अमेरिकी वायुसेना की रीढ़ माना जाता है, जबकि रूस का Su-57 एक पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ लड़ाकू विमान है, जिसे सुखोई ने विकसित किया है।
रूस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा, “भारत पहली बार Su-57 की ताकत को नजदीक से देख सकेगा। यह मौका न चूकें!”
10 फरवरी से एयरो इंडिया 2025 का आगाज
एयरो इंडिया 2025 का आयोजन 10 से 14 फरवरी तक बेंगलुरु में होगा। शो के पहले तीन दिन व्यावसायिक आगंतुकों के लिए होंगे, जबकि अंतिम दो दिन आम जनता को इन शक्तिशाली विमानों का नजारा देखने का मौका मिलेगा।
रक्षा क्षेत्र में होगी बड़ी घोषणाएं!
इस एयरो शो में सिर्फ एयर डेमो ही नहीं, बल्कि कई द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी।
रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और अन्य उच्चाधिकारी विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से मिलकर रक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे।
सीईओ गोलमेज सम्मेलन, स्टार्टअप प्रोग्राम, रक्षा मंत्रियों का सम्मेलन और भव्य प्रदर्शनी इस शो का हिस्सा होंगे।
आखिरी दो दिन जनता के लिए रोमांचक होंगे
आम जनता को दुनिया के सबसे खतरनाक फाइटर जेट्स की हवा में कलाबाजियां देखने का मौका मिलेगा। भारत के रक्षा उद्योग के लिए यह एयर शो नए रक्षा सौदों और साझेदारियों का द्वार भी खोलेगा। तो तैयार हो जाइए! बेंगलुरु के आसमान में इस ऐतिहासिक ताकत की जंग को देखने के लिए!