30 साल बाद घाना पहुँचे भारतीय PM, संसद में बोले- ‘भारत लोकतंत्र की जननी है’

Photo - youtube

 

TMP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को घाना पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। यह पिछले 30 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा है। पीएम मोदी ने घाना की संसद को संबोधित करते हुए कहा,

“भारत लोकतंत्र की जननी है। हमारे लिए लोकतंत्र केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि संस्कार है।”

मोदी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रतिनिधि के तौर पर वह 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं लेकर आए हैं। घाना को सोने की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां के लोगों की गर्मजोशी और ताकत अद्वितीय है।

राष्ट्रपति से मिला राष्ट्रीय सम्मान
पीएम मोदी ने घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों के लिए सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि घाना की धरती पर होना उनके लिए सौभाग्य की बात है, क्योंकि यह भूमि लोकतंत्र की भावना को प्रसारित करती है।

वैश्विक सुधारों पर दिया संदेश
संसद को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, महामारी, आतंकवाद और साइबर सुरक्षा जैसे संकटों से निपटने के लिए वैश्विक शासन में विश्वसनीय और प्रभावी सुधारों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पिछली सदी में बनाए गए संस्थान आज की चुनौतियों का समाधान करने में संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में बदलाव जरूरी है।

मोदी ने इस दौरान यह भी उल्लेख किया कि भारत की अध्यक्षता में अफ्रीकी संघ को G20 का स्थायी सदस्य बनाना गर्व की बात है, जो भारत और अफ्रीका के मजबूत संबंधों का प्रमाण है।

(Visited 17 times, 1 visits today)