असम के धुबरी में 36 बांग्लादेशी गिरफ्तार, ब्रह्मपुत्र नदी के रास्ते घुसपैठ की कोशिश

 

 

 

 

गुवाहाटी : असम के धुबरी जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ की कोशिश का मामला सामने आया है। शुक्रवार तड़के सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए 36 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी के पास भारत में प्रवेश के वैध दस्तावेज नहीं थे।

अधिकारी के अनुसार, खुफिया सूचना मिली थी कि बांग्लादेशी नागरिकों का एक बड़ा समूह धुबरी जिले से होकर गुजर सकता है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी। आशंका थी कि घुसपैठ के लिए ब्रह्मपुत्र नदी के रास्ते का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसी सूचना के आधार पर जवानों को जोगमाया फेरी घाट पर तैनात किया गया। शुक्रवार तड़के करीब दो से ढाई बजे के बीच 36 लोगों को पकड़ लिया गया। सभी बांग्लादेश के राजशाही संभाग के चपाई नवाबगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल उनके दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की जा रही है।

इस मामले के बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घुसपैठ के मुद्दे पर राज्य सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि असम घुसपैठियों के लिए कोई प्रजनन स्थल नहीं है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि 23 और अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि असम के हितों की रक्षा करने और राज्य से प्रत्येक घुसपैठिये को बाहर निकालने के लिए सरकार पूरी सख्ती बरतेगी।

(Visited 7 times, 1 visits today)