आईएएनएस: भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में उनके निवास पर एक अहम बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, और पार्टी महासचिव बीएल संतोष शामिल हुए। यह बैठक आगामी संगठनात्मक चुनाव और पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर हुई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बंगाल और मध्यप्रदेश जैसे प्रमुख राज्यों के अध्यक्षों के नामों पर भी चर्चा की गई। साथ ही संकेत मिल रहे हैं कि 20 अप्रैल के बाद भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है और आगामी 2-3 दिनों में कई प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा भी संभव है।
जेपी नड्डा की विदाई की घड़ी नजदीक?
भाजपा अध्यक्ष पद पर जनवरी 2020 से जेपी नड्डा कार्यरत हैं। पार्टी के संविधान के अनुसार अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्षों का होता है, लेकिन नड्डा को कार्यकाल विस्तार मिला था। अब पार्टी में नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व की मांग के मद्देनज़र अध्यक्ष पद के लिए नए चेहरे की तलाश तेज़ हो गई है।
देरी की वजह क्या?
सूत्रों का कहना है कि यह चुनाव प्रक्रिया फरवरी 2025 तक पूरी होनी थी, लेकिन हरियाणा समेत कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों की तैयारियों के चलते इसमें विलंब हुआ। अब संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर भाजपा तेजी से आगे बढ़ रही है।
कौन होगा अगला अध्यक्ष?
भाजपा की रणनीति को देखते हुए ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी एक युवा, ऊर्जावान और जमीनी पकड़ रखने वाले नेता को आगे लाना चाहती है, जो 2029 की दिशा में संगठन को मजबूती से आगे ले जा सके।
भाजपा में नए अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं और शीर्ष नेतृत्व अब अंतिम निर्णय की ओर बढ़ता दिख रहा है। आने वाले कुछ दिन पार्टी संगठन के भविष्य की दिशा तय कर सकते हैं।