देहरादून: Compensatory Afforestation Fund Management and Planning Authority (CAMPA) परियोजना संचालन समिति की 12वीं बैठक मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वन संरक्षण, मृदा-जल संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम तथा वनाग्नि प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
प्रत्येक डिवीजन में बड़े मृदा-जल संरक्षण प्रोजेक्ट
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मृदा-जल संरक्षण के तहत प्रत्येक वन प्रभाग (डिवीजन) में एक बड़े बहुआयामी प्रोजेक्ट को चिन्हित कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। साथ ही, सारा, जलागम एवं अन्य संबंधित विभागों/एजेंसियों के समन्वय से राज्य स्तर पर कम से कम तीन बड़ी एकीकृत (इंटीग्रेटेड) परियोजनाओं के प्रस्ताव भी तैयार किए जाएं।
थर्ड पार्टी ऑडिट और पारदर्शिता पर जोर
CAMPA के अंतर्गत संचालित कार्यों की ऑब्जर्वेशन और थर्ड पार्टी ऑडिट के लिए तीन से चार एजेंसियों को सूचीबद्ध करने तथा स्वतंत्र मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए गए। बजट को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ खर्च करने तथा निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया।
339 करोड़ की वार्षिक कार्ययोजना स्वीकृत
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए CAMPA के अंतर्गत 339 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्ययोजना को अनुमोदन प्रदान किया गया।
मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकथाम हेतु निर्णय
मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में सभी जनपदों में ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर स्थापित किए जाने हैं। इस वर्ष की कार्ययोजना में 10 नए रेस्क्यू सेंटर शामिल किए गए, जिनके लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए 8.6 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
वन कर्मियों के आवास निर्माण को स्वीकृति
गढ़वाल एवं कुमाऊं क्षेत्र में Dehradun तथा Haldwani में रेंजर स्तर तक के वन कर्मियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। वनाग्नि सुरक्षा एवं वन पंचायतों को सहयोग
वनाग्नि सुरक्षा के लिए 12 करोड़ रुपये का अनुमोदन किया गया, जिसमें वन पंचायतों को सहयोग हेतु 2 करोड़ रुपये की धनराशि भी शामिल है।
जल धाराओं के उपचार हेतु 19.5 करोड़ स्वीकृत
मृदा-जल संरक्षण कार्यों के अंतर्गत जल धाराओं के उपचार के लिए 19.5 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी दी गई।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव सी. रविशंकर एवं रणवीर सिंह चौहान, हॉफ वन विभाग रंजन मिश्र, मुख्य कार्यकारी अधिकारी CAMPA कपिल लाल, प्रमुख सचिव वन एस.पी. सुबुद्धि, मुख्य वन संरक्षक (परियोजनाएं) सुदर्शन पटनायक, अपर सचिव हिमांशु खुराना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
