उत्तराखंड में शुरू हुई नई हेली सेवा: पिथौरागढ़-मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा रूट पर CM धामी ने किया शुभारंभ

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन हवाई सेवाओं के शुरू होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों का आवागमन सुगम होगा

उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी उत्तराखंड के प्राचीन नगर हैं और ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर हैं। ये शहर प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक मंदिरों और समृद्ध संस्कृति के लिए देश और दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हेली सेवा शुरू होने से पर्यटक अब अल्मोड़ा और मुनस्यारी तक आसानी से पहुँच सकेंगे। हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुँचने का समय 3–4 घंटे से घटकर केवल कुछ मिनट का रह जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना ने प्रदेश में हवाई संपर्क को मज़बूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राज्य में अब तक 18 हेलीपोर्ट्स का विकास किया जा चुका है, जिनमें से 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएं सफलतापूर्वक शुरू हो चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक हेली सेवाओं से गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को जोड़ा जा चुका है, और आने वाले समय में अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हवाई संपर्क को सशक्त बनाने के साथ ही उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार पर भी कार्य किया जा रहा है। जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के लिए विकसित किया जा रहा है।

हेली सेवा समय और किराया

  • पिथौरागढ़–मुनस्यारी: सुबह 10:30 & दोपहर 1:50 बजे

  • मुनस्यारी–पिथौरागढ़: सुबह 10:50 & दोपहर 2:10 बजे

  • हल्द्वानी–अल्मोड़ा: सुबह 11:50 & दोपहर 3:10 बजे

  • अल्मोड़ा–हल्द्वानी: दोपहर 12:50 & सायं 4:10 बजे

  • किराया: ₹2500, ऑनलाइन टिकट Air Heritage से बुक करें

कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा आशीष चौहान और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों का आवागमन अब और भी आसान होगा।

(Visited 1,256 times, 1 visits today)