रेल परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, कुंभ 2027 के लिए संयुक्त ट्रैफिक प्लान बने: मुख्य सचिव

 

 

 

देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में उत्तर रेलवे, मुरादाबाद की मण्डल रेल प्रबन्धक विनीता श्रीवास्तव के साथ मुख्य सचिव कार्यालय में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उत्तर रेलवे से संबंधित विभिन्न प्रकरणों एवं महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने ऋषिकेश–डोईवाला बाईपास रेलवे लाइन परियोजना के अंतर्गत जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए कि राजाजी नेशनल पार्क एवं वन विभाग की 3.62 हेक्टेयर वन भूमि के संबंध में रेलवे, मुख्य वन्यजीव वार्डन तथा राजाजी नेशनल पार्क के साथ मिलकर संयुक्त सर्वेक्षण कराया जाए और उसकी निरीक्षण आख्या शीघ्र शासन को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने देहरादून–मोहण्ड–सहारनपुर टनल आधारित रेलवे लाइन परियोजना के संबंध में फाइनल लोकेशन सर्वे कराते हुए परियोजना की अद्यतन स्थिति से शासन को शीघ्र अवगत कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण हेतु तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान को शासन के साथ साझा करने को कहा। इस संबंध में भी रेलवे और जिला प्रशासन को संयुक्त सर्वे कर निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कुंभ मेला–2027 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे अधिकारियों को जिलाधिकारी हरिद्वार, एसएसपी हरिद्वार, मेलाधिकारी एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ मिलकर संयुक्त ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने हरिद्वार के समीप रेलवे सुरंग के ढलान स्थिरीकरण (Slope Stabilization) कार्य को शीघ्र पूर्ण कराते हुए की गई कार्यवाही की आख्या शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

(Visited 2,386 times, 1 visits today)