पूर्व CAPF कर्मियों को बड़ी सौगात, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल देगा CGHS दरों पर इलाज

 

 

 

 

देहरादून : पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के कर्मियों और अधिकारियों के लिए आज एक बड़ी राहत की घोषणा हुई। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और पूर्व CAPF पर्सोनल एसोसिएशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से पूर्व CAPF कार्मिकों एवं उनके परिजनों को अब CGHS दरों पर चिकित्सा एवं सर्जिकल उपचार उपलब्ध होगा।

समझौता ज्ञापन पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की ओर से चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी और एसोसिएशन की ओर से एस.एस. कोठियाल, आई.एस. तड़ियाल, एस.सी.एस. रावत, पी.सी. डंगवाल, कुंदन सिंह नेगी एवं डॉ. एन.एस. धर्मशक्तु ने हस्ताक्षर किए।

गौरतलब है कि पूर्व CAPF पर्सोनल एसोसिएशन केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के पूर्व कर्मचारियों और अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करता है। वहीं, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल लंबे समय से उत्तराखंड का प्रमुख स्वास्थ्य सेवा प्रदाता माना जाता है।

इस समझौते के तहत अस्पताल न केवल गैर-CGHS लाभार्थियों को उपचार प्रदान करेगा, बल्कि वर्तमान में सेवारत CAPF एसोसिएशन के सदस्यों को भी इसका लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर डॉ. गौरव रतूड़ी ने जानकारी दी कि—

1. पूर्व CAPF कार्मिकों और अधिकारियों को OPD एवं IPD दोनों सेवाएं मिलेंगी।

2. सभी प्रकार के मेडिकल और सर्जिकल उपचार CGHS दरों पर उपलब्ध होंगे।

3. समझौता पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और वहनीयता सुनिश्चित करेगा।

यह कदम सेवा से निवृत्त सुरक्षाबलों के लिए न केवल आर्थिक राहत है बल्कि उनके स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति एक बड़ी पहल भी मानी जा रही है।

(Visited 1,263 times, 1 visits today)