देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने देहरादून में आयोजित दो रक्षाबंधन कार्यक्रमों में महिलाओं से राखी बंधवाई और उनके स्नेह व आशीर्वाद के लिए आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम के साथ विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास की आधारशिला है।
5 लाख महिलाएं SHG से जुड़ीं
धामी ने कहा कि उत्तराखंड में करीब 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में भाग ले रही हैं। वहीं 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पांच वर्ष में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून समेत कई कदम उठाए हैं।
बोले- मुख्यमंत्री नहीं, भाई बनकर आया हूं
धामी ने कहा कि रक्षाबंधन के इस अवसर पर वह मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में बहनों के बीच आए हैं। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी किसी भी समस्या को सरकार गंभीरता से लेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां बेटियां सुरक्षित, महिलाएं आत्मनिर्भर और माताएं सम्मान के साथ जीवन जी सकें।