चमोली में टनल के अंदर घुसा पानी, 7 मजदूरों की मौत, 18 घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

photo- news18

 

 

 

 

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में गुरुवार शाम निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 18 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। कुछ मजदूरों के अभी भी लापता होने की खबर है और उनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

जानकारी के मुताबिक, पीपलकोटी के मायापुर क्षेत्र में टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम भूस्खलन के बाद अचानक पानी और भारी मलबा घुस गया। उस समय टनल के भीतर मजदूर काम कर रहे थे, जिसके चलते कई मजदूर अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। भारी पानी, गाद और मलबे के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल प्रशासन और बचाव दल का पूरा फोकस टनल के अंदर फंसे या लापता मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है। हादसे में मृतकों और घायलों में उत्तराखंड के अलावा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मजदूर भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

(Visited 6 times, 6 visits today)