डिजिटल से ग्राम पंचायत तक: वाण गांव की यूट्यूबर नंदुली देवी बनीं ग्राम प्रधान, विकास का नया चेहरा बनीं

 

 

 

चमोली, देवाल ब्लॉक:  पहाड़ की आवाज़ सोशल मीडिया से निकलकर अब जनप्रतिनिधित्व तक पहुंच गई है। चमोली जनपद के सुदूरवर्ती हिमालयी गांव वाण की यूट्यूबर नंदुली देवी ग्राम प्रधान चुनी गई हैं। उन्होंने कुल 481 मतों के साथ प्रधान पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीमा देवी को 233 मत प्राप्त हुए। कुल 751 मतों में से 37 मत रद्द हुए।

नंदुली देवी इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे डिजिटल मंचों पर 50 हजार से अधिक फॉलोअर्स के साथ लोकप्रिय हैं। उनके वीडियोज़ को लाखों बार देखा और साझा किया गया है। वो पहाड़ की संस्कृति, लोक जीवन और ग्रामीण समस्याओं को सरल भाषा और स्थानीय अंदाज़ में देश-दुनिया तक पहुंचाती रही हैं।

ग्राम प्रधान चुने जाने पर वाण गांव में उनका भव्य स्वागत हुआ। गांव की जनता ने एकमत से इस डिजिटल चेहरों को विकास का नया प्रतिनिधि चुना है। इससे पहले नंदुली देवी महिला मंगल दल की अध्यक्षा भी रह चुकी हैं और गांव के सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।

नंदुली देवी ने अपनी जीत को पूरे गांव की जीत बताया। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए नहीं, पूरे वाण गांव के लिए गर्व का क्षण है। मैं विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और नंदा राजजात जैसे सांस्कृतिक आयोजनों पर प्राथमिकता से कार्य करूंगी।”

नंदुली देवी का प्रधान बनना सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं है, बल्कि यह सोशल मीडिया से जन सेवा तक के सफर की मिसाल भी है, जो युवाओं और महिलाओं को नई दिशा देता है।

(Visited 816 times, 1 visits today)